भदोही , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में गोपीगंज थाना पुलिस ने सोमवार को अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 121 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ज्ञानपुर स्टेशन रोड स्थित रेलवे स्टेशन के पास खाली पड़ी जमीन पर छापेमारी की। इस दौरान अवैध गांजा तस्करी में संलिप्त दो अभियुक्तों समरजीत यादव (25) निवासी महबूबपुर थाना भदोही और प्रदीप सरोज (26) निवासी रायपुर थाना सुरेरी, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने अभियुक्तों के पास से तीन बोरियों में रखा 121 किलो 450 ग्राम गांजा, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक कार (टाटा पंच) बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से सस्ते दाम में गांजा खरीदकर यहां महंगे दामों पर बेचते थे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित