भदोही , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र के चकगुमानी गांव से स्कूल के लिए निकलीं दो किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। परिजनों के अनुसार, घर से 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात भी गायब हैं।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि चकगुमानी निवासी जामवन्त ने तहरीर में कहा है कि उनकी पोती सुधा (13) गत 18 अगस्त को सुबह करीब आठ बजे अपनी बड़ी बहन संध्या के साथ साइकिल से कमला शंकर शिक्षण संस्थान, दशवतपुर गई थी। स्कूल पहुंचने के बाद सुधा अपनी सहेली पूजा उर्फ शिवानी (13), निवासी अमिलहरा, के साथ उसकी साइकिल पर सवार होकर अमिलहरा स्थित उसके घर पहुंची। इसके बाद दोनों एक ही साइकिल से गोपीगंज की ओर निकल गईं।
परिजनों ने तलाश शुरू की तो कृष्णा बिंद कुसौली चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दोनों किशोरियां सुबह करीब 9.50 बजे एक ही साइकिल से गोपीगंज की दिशा में जाती दिखाई दीं।
तहरीर के अनुसार, सुधा घर में रखे चार थान सोने-चांदी के जेवरात और बक्से में रखे 50 हजार रुपये भी साथ ले गई है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी संख्या 0275/2026 दर्ज कर ली है। पुलिस टीमें किशोरियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित