भदोही , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश के संत रविदास नगर (भदोही) जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नहर में डूबे युवक का शव करीब 40 घंटे बाद गुरुवार सुबह बैदा नहर पुलिया के पास विसर्जित प्रतिमाओं के बीच बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गोपीगंज थाना क्षेत्र की जंगीगंज चौकी अंतर्गत बलीपुर गांव निवासी पंकज चौहान उर्फ बीएन चौहान पुत्र मढल्लू चौहान मंगलवार शाम करीब चार बजे दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बलीपुर नहर में गहरे पानी में चले जाने से डूब गया था।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में सर्च अभियान चलाया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बैदा नहर पुलिया के पास विसर्जित प्रतिमाओं के बीच ग्रामीणों ने एक शव औंधे मुंह पड़ा देखा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान पंकज चौहान के रूप में की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित