भदोही , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह तालाब में डूबने से एक किशोर की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सवरपुर गांव निवासी सुभाष चंद्र विश्वकर्मा का पुत्र प्रियांशु विश्वकर्मा (15) कक्षा नौ का छात्र था। वह मंगलवार सुबह अपने अन्य साथियों के साथ प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान एक दूसरा बच्चा भी डूबने की स्थिति में आ गया। दोनों साथियों को डूबते देख उनके अन्य साथी घबराकर घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में जाल डालकर किशोर की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद प्रियांशु को तालाब से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया जबकि पानी में डूबे रहे दूसरे बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित