भदोही , जनवरी 25 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र में रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर कटका पड़ाव के पास ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस के अनुसार वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के मदनी गांव निवासी बसंत शर्मा का 24 वर्षीय पुत्र सोनू अपनी बहन राधा शर्मा के साथ बाइक से मीरजापुर जा रहा था। वह कटका पड़ाव स्थित एक पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर जैसे ही ओवरब्रिज पर चढ़ा, तभी वाराणसी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में सोनू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन राधा शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित