भदोही , मई 10 -- उत्तर रेलवे के वाराणसी-जंघई रेल खंड पर भदोही स्टेशन के पूर्वी तरफ डूड़वाधरमपुरी के पास रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई।

जीआरपी सूत्रों ने बताया कि भदोही कोतवाली क्षेत्र के गांव डूड़वाधरमपुरी में आज सुबह रेलवे लाइन क्रास करते समय बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस ट्रेन के चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई।

घटना की जानकारी होते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान बफाती अली (65) निवासी डूड़वाधरमपूरी के रूप में की गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार चल रहे थे। वह कब व किन परिस्थितियों में रेललाइन पर पहुंच गए इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित