भदोही , अगस्त 03 -- भदोही के मर्यादपट्टी स्थित ऑल इंडिया कार्पेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एक्मा) परिसर में सोमवार को केंद्र सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन संचालित जूट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (जेसीआई) के उत्तर प्रदेश के पहले कार्यालय-सह-आउटलेट एवं खुदरा केंद्र का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जेसीआई के प्रबंध निदेशक संजय कुमार पाणिग्रही और महाप्रबंधक कल्याण कुमार मजूमदार ने जूट उद्योग की उपयोगिता, किसानों के लिए संचालित योजनाओं तथा वैश्विक बाजार में जूट की बढ़ती मांग पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जूट प्राकृतिक, पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ रेशा है, जिसकी मांग देश-विदेश में लगातार बढ़ रही है। भदोही में स्थापित यह केंद्र जूट की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ कालीन उद्योग को नई मजबूती देगा।
भारतीय कालीन प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी), भदोही के निदेशक प्रो. राजीव कुमार वार्ष्णेय ने कहा कि प्राकृतिक रेशों के बढ़ते उपयोग के दौर में जूट का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने इस पहल को भदोही के कालीन उद्योग के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एक्मा के अध्यक्ष उमेश गुप्ता 'मुन्ना' ने कहा कि स्थानीय स्तर पर जूट उपलब्ध होने से निर्माताओं और निर्यातकों को कम लागत में गुणवत्तापूर्ण कच्चा माल मिलेगा, जिससे उत्पादन लागत घटेगी और उद्योग को नई गति मिलेगी। एक्मा के मानद सचिव असीम अंसारी (बाबी) ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (सीईपीसी) के उपाध्यक्ष असलम महबूब ने कहा कि यह भदोही के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे कालीनों के साथ-साथ जूट आधारित अन्य उत्पादों के निर्माण और निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय उद्योग, रोजगार और निर्यात कारोबार को नई दिशा मिलेगी। इस केंद्र के संचालन से भदोही के कालीन उद्योग को उचित मूल्य पर उच्च गुणवत्ता का जूट उपलब्ध होगा, जिससे कालीन निर्माता, निर्यातक, बुनकर और उद्यमियों को सीधा लाभ मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित