भदोही , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में जिंदा जलाए गए दलित चौकीदार की उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के पीपरगांव निवासी चौकीदार जैसलाल सरोज (60) को सोमवार को मामूली विवाद के दौरान गांव के प्रधान के बेटे कमलेश यादव ने कथित रूप से पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया था। घटना में वह 70 प्रतिशत से अधिक झुलस गए थे और उनका उपचार बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा था, जहां मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई।

उन्होने बताया कि चौकीदार की मौत की सूचना मिलते ही गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। एहतियात के तौर पर गांव में पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। आरोपी कमलेश यादव के खिलाफ पहले ही भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 118(2)(v) के तहत कार्रवाई की गई थी। पीड़ित की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित