भदोही , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में सुरियावां थाना क्षेत्र के पट्टी बेजांव गांव में शुक्रवार को जहरीला पदार्थ खाने वाली दो युवतियों में से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने शनिवार को बताया कि पट्टी बेजांव गांव निवासी कविता (22) और उसकी पड़ोसी साधना (22) ने शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। जानकारी होने पर परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात कविता की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि साधना का उपचार जारी है।
कविता के पिता भोलानाथ ने बताया कि उनकी बेटी दसवीं कक्षा पास करने के बाद घर के कामकाज में परिवार का हाथ बंटाती थी। वहीं साधना की शादी जून 2026 में ज्ञानपुर क्षेत्र के भुड़की गांव में हुई थी और वह इन दिनों मायके में रह रही थी। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों युवतियों ने जहरीला पदार्थ क्यों खाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित