भदोही , जनवरी 29 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर बुधवार रात घर के बरामदे में सो रहे एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसके दोनों पैर काटने का प्रयास किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है, जबकि पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सुरियावां थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव में युवक चारपाई पर सो रहा था, तभी आरोपियों ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पत्नी के मौके पर पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो गए। घायल युवक को पहले सीएचसी ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल और फिर बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
घायल युवक के पिता रामआसरे चौहान ने बताया कि उनका बेटा विनोद कुमार चौहान (35) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है और पत्नी माधुरी के साथ कनकपुर गांव में रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में स्थित पैतृक जमीन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। इसी विवाद में तीन दिन पहले निजाम नाम के व्यक्ति ने उनके बेटे को पैर काटने की धमकी दी थी।
परिजनों का आरोप है कि बुधवार रात करीब 12 बजे निजाम अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस ने निजाम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव फैल गया। गुरुवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मतेथू-सुरियावां मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष सुरियावां मनीष द्विवेदी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित