भदोही , अक्टूबर 2 -- उत्तर प्रदेश के भदोही में कारपेट सिटी स्थित कारपेट एक्सपो मार्ट में चार अक्टूबर से चार दिवसीय 50वां अंतरराष्ट्रीय कालीन मेला आयोजित किया जाएगा। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) की ओर से आयोजित मेले में 65 देशों के 325 से अधिक विदेशी खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है।

सीईपीसी के उपाध्यक्ष असलम महबूब ने बताया कि वैश्विक स्तर पर युद्ध और मंदी के बावजूद अमेरिका, रूस, जर्मनी तथा यूरोप सहित कई अन्य देशों से खरीदारों ने मेले के लिए पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि विदेशी खरीदारों के साथ भारतीय बाजार से भी कारोबार की उम्मीद है।

मेले को लेकर कालीन निर्यातकों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बाजार की मांग को देखते हुए आधुनिक डिजाइन और अपेक्षाकृत कम कीमत वाली कालीनें तैयार कराई गई हैं। निर्यातकों की नजर विदेशी खरीदारों के साथ देश के प्रमुख बाजारों से मिलने वाले कारोबार पर भी है।

परिषद के अनुसार, पिछले वर्षों में भदोही में आयोजित कालीन मेलों से करीब 1,400 करोड़ रुपये के कारोबार का दावा किया गया था। इस बार निर्यातकों को कम से कम 500 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। सीईपीसी की ओर से मेले को सफल बनाने के लिए विदेशी खरीदारों के आवागमन और चयनित मेहमानों के होटल में ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।

परिषद के पदाधिकारियों ने हाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मेले का शुभारंभ करने का आग्रह किया था। हालांकि, अभी तक मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का आधिकारिक प्रोटोकॉल जारी नहीं हुआ है। इसके बावजूद प्रशासन और विभागीय स्तर पर तैयारियां जारी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित