भदोही , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत गौ रक्षा संकीर्तन यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में गौ संरक्षण से जुड़े लोगों, संत-महात्माओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। यात्रा के दौरान गौ संरक्षण, संवर्धन और सम्मान के प्रति जनजागरण का संदेश दिया गया।

संकीर्तन यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची। वहां अभियान से जुड़े प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में गौ माता को "राष्ट्रमाता" का दर्जा देने तथा देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण और प्रभावी प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गौ भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती और सामाजिक संतुलन से भी जुड़ा हुआ है। इस दौरान लोगों से गौ सेवा एवं संरक्षण के अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम में गौ सेवा के जिला संयोजक यमुना प्रसाद, जिला सह संयोजक लोकेश सेठ, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष रामचंद्र, रामआसरे, राजेश दुबे, बजरंग दल के जिला संयोजक आर्यन पाण्डेय, भोला तथा जिले एवं खंड के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गौ संरक्षण समर्थक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित