भदोही , सितंबर 27 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में पुलिस ने गोवंश तस्करी के आरोप में अंतरराज्यीय गिरोह के गैंग लीडर समेत चार लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 3(1) में अभियोग दर्ज किया गया है। मामले में इकबाल कुरैशी निवासी चैनपुर, कैमूर (बिहार) को गैंग लीडर तथा ओमप्रकाश कनौजिया उर्फ विशाल, राहुल कुमार और अमित सिंह उर्फ सूर्यभान सिंह उर्फ सुहुल उर्फ शिवम को सक्रिय सदस्य बताया गया है।

पुलिस ने आरोप लगाया कि गिरोह गोवंश को वाहनों में लादकर वध के लिए पश्चिम बंगाल के पंडुआ ले जाता था। पुलिस के अनुसार पिछली आठ मार्च को चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन से तीन गोवंश बरामद किए गए थे। इस संबंध में कोईरौना थाने में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

उन्होने बताया कि गैंगस्टर एक्ट में मामला दर्ज होने के बाद 26 सितंबर को गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया था। वहीं, रविवार को पुलिस टीम ने ओमप्रकाश कनौजिया उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित