भदोही , मई 21 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में गुरुवार को भीषण गर्मी और हीटवेव से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। दोपहर के समय ऐसा महसूस हुआ मानो आसमान से आग बरस रही हो। जिले में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चिलचिलाती धूप और हीटवेव के डर से लोग घरों में दुबके नजर आए। लोगों ने सुबह जल्दी अपने दैनिक कार्य निपटाने के बाद पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर बांध दिया। सुबह 10 बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया और आम दिनों की तुलना में प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही भी काफी कम रही।
भीषण गर्मी का असर कालीन उद्योग पर भी पड़ा। कालीन कारखानों में बुनकरों और मजदूरों की उपस्थिति सामान्य दिनों की तुलना में केवल 65 से 70 प्रतिशत तक ही दर्ज की गई, जिससे उत्पादन कार्य प्रभावित हुआ। हीटवेव और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी ने महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय तथा मुख्यालय स्थित सौ शैया संयुक्त चिकित्सालय के लू वार्ड को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं।
अस्पतालों में उल्टी-दस्त और तेज बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भीषण गर्मी के कारण जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी में सामान्य दिनों की अपेक्षा करीब 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने भी भीषण गर्मी और हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित