भदोही , जून 25 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में निर्जला एकादशी के अवसर पर बाल्मीकि गंगा घाट पर गुरुवार को स्नान करने पहुंचे तीन लड़के नदी के गहरे पानी में समा गए। मौके पर मौजूद आपदा मित्रों ने दो लड़कों को बचा लिया जबकि एक किशोर की मौत हो गई।

बताया जाता है कि जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र के वाली गांव निवासी विशाल शर्मा (22), आशीष शर्मा (20) व अभिषेक (17) निर्जला एकादशी के अवसर पर सीतामढ़ी के बाल्मीकि गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। स्नान करते समय तीनों गहरे पानी में समा गए। लड़कों को गंगा में डूबते देखकर घटना स्थल पर अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद आपदा मित्रों ने तत्काल गंगा में कूदकर विशाल व आशीष को बचा लिया लेकिन अभिषेक पुत्र संतोष शर्मा को जबतक पानी से बाहर निकला जाता तब तक काफी देर हो चुकी थी। भारी मशक्कत के बाद उसे भी आपदा मित्रों ने बाहर निकाल लिया।

आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीघ ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित