भदोही , सितंबर 4 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में गोपीगंज थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
मिर्जापुर के जिगना क्षेत्र से पांच दिन पहले लापता हुए युवक के परिजनों ने शव की पहचान अजय कुमार निषाद (24) के रूप में करने का दावा किया है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के अनुसार इब्राहिमपुर गंगा घाट पर एक युवक का शव उतराया मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव के हाथ बंधे होने की बात भी सामने आई है।
परिजनों के मुताबिक अजय कुमार निषाद 29 अगस्त की रात मिर्जापुर के मिश्रपुर गंगा घाट पर आयोजित भोज के दौरान नाव से लापता हो गया था। उसके लापता होने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने गंगा में तलाश अभियान चलाया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। शव मिलने की सूचना पर परिजन इब्राहिमपुर घाट पहुंचे और उन्होंने शव की पहचान अजय के रूप में करने का दावा किया। हालांकि जिगना पुलिस ने फिलहाल शव को अजय का मानने से इनकार किया है।
जिगना पुलिस के अनुसार अजय के लापता होने के समय उसने कपड़े पहन रखे थे, जबकि इब्राहिमपुर घाट पर मिला शव निर्वस्त्र और काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि केवल परिजनों के दावे के आधार पर शव की पहचान की पुष्टि नहीं की जा सकती।
पुलिस के अनुसार शव की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पोस्टमार्टम के साथ डीएनए जांच कराई जाएगी। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद शव अजय कुमार निषाद का है या नहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित