भदोही , अप्रैल 03 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र में खाना बनाते समय गैस रिसाव से झुलसी महिला की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुरियावां नगर के वार्ड नंबर एक अंबेडकर नगर निवासी कुसुम गौतम (21) गुरुवार की देर शाम घर में गैस पर खाना बना रही थी। गैस रिसाव के चलते उसके डुपट्टे में आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जौनपुर जिले के आलमगंज क्षेत्र के शिवगढ़ निवासी कुसुम गौतम का विवाह अप्रैल 2025 को सुरियावा वार्ड नंबर 1 अंबेडकर नगर निवासी कुलदीप पुत्र जयशंकर गौतम के साथ हुआ था। खाना बनाते समय गैस का रिसाव हो रहा था। इस दौरान अचानक उनके दुपट्टे में आग लग गई, जिससे वह बुरी तरह से झुलस गई। इलाज के लिए उसे भदोही के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी मनीष त्रिवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक मायका पक्ष से कोई तहरीर नहीं दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित