भदोही , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में रविवार को कुएं में गिरे पिता-पुत्र को पुलिस और दमकल सेवा की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बाहर निकाल लिया।

पुलिस के अनुसार गोपीगंज थाना क्षेत्र के घाटमपुर गांव में आज सुबह करीब आठ बजे सूचना मिली कि दो व्यक्ति कुएं में गिर गए हैं। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अमले ने स्थानीय लोगों की मदद से पिता-पुत्र को सकुशल बाहर निकाला।

पुलिस ने बताया कि गांव निवासी शिव कुमार विश्वकर्मा (52) ट्यूबवेल से पानी नहीं उठने की समस्या की जांच करने के लिए कुएं में उतरे थे। कुआं काफी समय से ढका होने के कारण अंदर गैस जमा थी, जिसके प्रभाव से उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए।

पिता को बेहोशी की हालत में देखकर उनका पुत्र कैलाश विश्वकर्मा (30) भी कुएं में उतर गया। गैस के प्रभाव से उसकी भी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल सेवा की संयुक्त टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बचाव अभियान चलाकर दोनों को कुएं से बाहर निकाल लिया। शिव कुमार के सिर में हल्की चोट लगी थी। उन्हें एंबुलेंस से महाराजा चेत सिंह जिला चिकित्सालय, ज्ञानपुर भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक दोनों की हालत सामान्य और खतरे से बाहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित