भदोही , जून 02 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के वेदमनपुर गांव में एक किशोर की पिटाई के बाद हुई मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को भदोही-वाराणसी मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया जा सका। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वेदमनपुर रोटहां निवासी पिंटू (17) पुत्र गुलाब उर्फ मूंसे धीवर को सोमवार रात एक युवक ने पार्सल देने के बहाने फोन कर एक ब्यूटी पार्लर के पास बुलाया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद चार-पांच लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलने पर परिजन उसे उपचार के लिए भदोही के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मृत्यु हो गई।
किशोर की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को वाराणसी-भदोही मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुआ जाम लगभग दो घंटे तक जारी रहा, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी भदोही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। स्थानीय स्तर पर कुछ लोग मामले को प्रेम प्रसंग से जुड़ा बता रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित