भदोही , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले की शहर कोतवाली के मोढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र में संविदा लाइनमैन की शुक्रवार को करंट लगने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि लालीपुर गांव निवासी सूरज दुबे (30) सुबह करीब आठ बजे यादव नामक व्यक्ति के साथ बाइक से बिजली बनाने के लिए घर से निकले थे। उनकी मां संगीता देवी ने बताया कि यादव ही उन्हें अपने साथ लेकर गए थे। धानापुर में एक ट्रांसफार्मर पर तार जोड़ते समय वह करंट की चपेट में आ गए।

करंट लगने से सूरज के पेट और हाथ बुरी तरह झुलस गए और वह जमीन पर गिर पड़े। परिवार के लोग उन्हें 108 एंबुलेंस से पहले सुरियावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उन्हें भदोही रेफर किया गया। इसके बाद उन्हें औराई ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित