भदोही , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के डीघ क्षेत्र में शनिवार सुबह घर की बिजली ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार डीघ निवासी प्रभाकर मिश्र का बड़ा पुत्र विकास मिश्र (35) शनिवार सुबह करीब सात बजे घर में बिजली नहीं आने की शिकायत पर घर के पास से आए केबल की जांच करने गया था। बताया गया कि केबल कहीं से कटा हुआ था। विकास ने जैसे ही केबल को पकड़ा, उसे जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
विकास को गिरा देखकर उसका छोटा भाई मौके पर पहुंचा। शोर सुनकर आसपास के लोग भी वहां जुट गए। ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से विकास को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीघ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। विकास तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और उसके परिवार में चार वर्षीय एक बेटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित