भदोही , मई 28 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के गोपीगंज नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज गुरुवार को अकीदत, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ अदा की गई। सुबह नए परिधानों में सजे लोग ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचे तथा एक साथ सफ में खड़े होकर नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और अल्लाह की राह में कुर्बानी पेश की। त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। वहीं नगर पालिका परिषद की ओर से सफाई और पेयजल की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।
गोपीगंज नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गिराई स्थित ईदगाह में पेश इमाम हाफिज अनीशुल कादरी, फूलबाग में हाफिज गुलाम मुर्तुजा, शाही मस्जिद सराय महाल में हाफिज मोहम्मद अवैश तथा मुजाहिद मस्जिद नई बस्ती में पेश इमाम मोहम्मद वैश ने नमाज अदा कराई। ग्रामीण क्षेत्रों की जामा मस्जिद चकसहाब में मौलाना अबरार और मौलाना हफीज, बर्जी खुर्द में मौलाना दिलावर हुसैन, खानापुर गांधी में मौलाना फतेह मोहम्मद तथा अमवा में अब्दुल हादी मिस्बाही की इमामत में नमाज अदा की गई। इसके अलावा भगवतपुर, गहरपुर, गिराई, अमवा और लालानगर में भी नमाज अदा की गई।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर खुशियां साझा कीं और कुर्बानी की रस्म अदा की।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर भान सिंह, उप जिलाधिकारी न्यायिक शिव प्रकाश यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रभात राय, तहसीलदार सुनील कुमार, प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय और चौकी प्रभारी शशांक बाजपेयी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
इसी प्रकार भदोही नगर में भी ईद-उल-अजहा की नमाज अकीदत और एहतराम के साथ संपन्न हुई। सुबह 6:15 बजे पहली नमाज अदा की गई, जबकि अंतिम जमात सुबह 7:45 बजे तक हुई। जामा मस्जिद के इमाम हाफिज परवेज उर्फ अच्छे मियां ने पहली जमात की इमामत कराई। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने देश में अमन, शांति और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित