भदोही , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र में सोमवार की देर शाम किराए के मकान में रह रही आर्केस्ट्रा डांसर का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई।
थानाध्यक्ष अश्विनी त्रिपाठी ने मंगलवार को बताया कि थाना क्षेत्र के संजय नगर में किराए के मकान में रह रही आर्केस्ट्रा डांसर का शव मिला है। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के संजयनगर में सोमवार की शाम एक किराए के मकान में रह रही आर्केस्ट्रा डांसर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि आरती उर्फ शिवानी (28) निवासी हंडिया, प्रयागराज सुरियावां के संजय नगर में पिछले दो वर्षों से रहती थी। वह चकगुमानी गांव के एक आर्केस्ट्रा कंपनी में डांसर के रूप में कार्य करती थी। सोमवार की देर शाम मकान के कमरे में उसका शव देखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पति, आर्केस्ट्रा संचालक और संबंधित ग्राम प्रधान से पूछताछ शुरू की है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह पूछताछ जांच प्रक्रिया का एक हिस्सा है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी सुमित त्रिपाठी और थाना प्रभारी सुरियावां मौके पर पहुंचे तथा जांच का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का मानना है कि फोरेंसिक व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की जानकारी मिल सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित