भदोही , फरवरी 18 -- भदोही जिले के औराई कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में माधोसिंह के पूर्व प्रधान की इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार झौंआ गांव निवासी राजेश पांडेय के पुत्र अमित पांडेय (33) प्रयागराज से बुलेट मोटरसाइकिल से औराई की ओर नेशनल हाईवे से आ रहे थे। इसी दौरान माधोसिंह ओवरब्रिज के पास कट से मोटरसाइकिल मोड़ रहे पूर्व प्रधान जावेद से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को औराई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जावेद की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं घायल अमित पांडेय को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित