भदोही , अगस्त 25 -- पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर से व्हट्सएप पर कथित अभद्रता और धमकी देने के मामले में भदोही पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, थाना औराई में दिलीप दुबे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(4) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायत के मुताबिक, 12 अगस्त को दोपहर करीब 1:24 बजे दिलीप दुबे ने श्री ठाकुर के व्हाट्सएप नंबर पर वीडियो कॉल की और कथित तौर पर अश्लील, अभद्र तथा गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल किया। करीब 55 सेकेंड बाद कॉल कटने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर दोबारा वीडियो कॉल की। इसके बाद अलग-अलग नंबरों से वॉइस कॉल और धमकीपूर्ण ऑडियो संदेश भेजे जाने का भी आरोप है।
श्री ठाकुर ने संबंधित नंबरों को ब्लॉक करने के साथ कॉल रिकॉर्डिंग और ऑडियो संदेश समेत इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की बात कही है। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि दिलीप दुबे पूर्व में आजाद अधिकार सेना से जुड़े थे, लेकिन संगठन के अनुसार कथित अनुचित आचरण के कारण उन्हें संगठन से अलग कर दिया गया था।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित