भदोही , जून 18 -- उत्तर प्रदेश की भदोही पुलिस ने प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए अब तक 421 लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है तथा 251 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियां जब्त की हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने गुरुवार को बताया कि जिले में 114 गैंग पंजीकृत हैं। इनसे जुड़े अपराधियों की कुल दो अरब 51 करोड़ 38 लाख तीन हजार 923 रुपये मूल्य की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई झेलने वालों में ज्ञानपुर के पूर्व विधायक विजय मिश्रा भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में गैंगस्टर के मामलों में 123 अभियुक्त जेल में बंद हैं, जबकि 16 वांछित अभियुक्तों की पुलिस सक्रिय रूप से तलाश कर रही है। इसके अलावा 352 आरोपी जमानत पर हैं।
एसपी ने बताया कि अपराध नियंत्रण अभियान के तहत 27 लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। जिले में पंजीकृत 114 गैंगों में गैंग लीडरों सहित कुल 491 सदस्य चिन्हित हैं। इनके विरुद्ध विभिन्न कानूनी धाराओं में कार्रवाई की गई है। इनमें 128 हिस्ट्रीशीटर, पांच राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत तथा 78 व्यक्तियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक विजय मिश्रा के बाद अब औराई के पूर्व बसपा विधायक उदयभान सिंह उर्फ डॉ. सिंह पर भी कानून का शिकंजा कसा गया है। उनके विरुद्ध भूमि कब्जे से संबंधित आरोपों के आधार पर राजस्व विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
एसपी ने कहा कि भू-माफियाओं और संगठित अपराध से जुड़े तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर है तथा किसी को भी कानून से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराध और अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित