भदोही , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में औराई तहसील क्षेत्र के लालानगर में अवैध कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर गुरुवार को पथराव किए जाने का मामला सामने आया। घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग की एक लेन पर चक्का जाम कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और बाद में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कराई।
प्रशासन के अनुसार, मामला लालानगर की गाटा संख्या 730 की 0.1870 हेक्टेयर भूमि से जुड़ा है। कथित कब्जे को लेकर संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में गुरुवार को तहसीलदार औराई मिश्री सिंह चौहान के नेतृत्व में कानूनगो राम आसरे विश्वकर्मा, लेखपाल प्रवीण श्रीवास्तव तथा पुलिस बल जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचा।
प्रशासनिक टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की तो वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया। आरोप है कि विरोध कर रहे कुछ लोगों ने तहसीलदार और पुलिसकर्मियों की ओर पथराव कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मेज, कुर्सी और लकड़ी का सामान सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की एक लेन जाम कर दी और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
सूचना मिलने पर गोपीगंज थानाध्यक्ष सच्चिदानंद पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस के अनुसार, करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद यातायात बहाल कराया गया।
इसके बाद पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दोबारा शुरू की और भूमि को कब्जे से मुक्त कराया। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विरोध और पथराव में शामिल आधा दर्जन से अधिक महिला-पुरुषों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पथराव में शामिल लोगों को चिन्हित कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के दौरान कुछ लोगों को अंदरूनी चोट आने की भी जानकारी सामने आई है। प्रशासन ने घटना के बाद एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया है।
तहसीलदार औराई मिश्री सिंह चौहान ने बताया कि कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई है और मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मौजूद था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित