भदोही , अगस्त 14 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में किसी भी आपात स्थिति और भीड़ नियंत्रण से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस लाइन ज्ञानपुर के परेड ग्राउंड में शुक्रवार को बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने परेड की सलामी लेने के बाद पुलिस बल की तैयारियों का निरीक्षण किया।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को टोलीवार बलवा ड्रिल कराई गई तथा दौड़ का अभ्यास भी कराया गया। इस दौरान जवानों की फिटनेस, अनुशासन और मुस्तैदी का आकलन करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा पुलिस बल ने भीड़ नियंत्रण और उपद्रव की स्थिति से निपटने का व्यावहारिक अभ्यास किया। ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों को एंटी रॉयट उपकरणों और टियर गैस गन के संचालन एवं उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया।

अभ्यास के दौरान दंगा नियंत्रण में प्रयुक्त उपकरणों की जांच कर उनकी कार्यक्षमता भी परखी गई। अधिकारियों ने जवानों को निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

पुलिस अधीक्षक ने अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को उन्हें दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित प्रशिक्षण और अभ्यास से पुलिस बल की दक्षता तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में वृद्धि होती है। इस अवसर पर जिले के राजपत्रित अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित