भदोही , जून 24 -- उत्तर प्रदेश में भदोही पुलिस द्वारा "ऑपरेशन दहन" के तहत बुधवार को बड़ी कार्रवाई की गई। थाना सुरियावां से जुड़े एक मामले में बरामद कुल 750 किलोग्राम गांजे को नियमानुसार नष्ट किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम् अग्रवाल ने बताया कि भदोही में पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (डीडीसी) ने अवैध मादक पदार्थों के निस्तारण की कार्रवाई की। "ऑपरेशन दहन" विशेष अभियान के तहत यह विनिष्टीकरण प्रयागराज जनपद के थाना हण्डिया क्षेत्र स्थित धानूपुर में मौजूद "संगम मेडीसर्व प्राइवेट लिमिटेड" के इन्सिनेटर के माध्यम से किया गया। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3.75 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस विभाग के अनुसार, जनपद के विभिन्न थानों में लंबे समय से जमा अवैध मादक पदार्थों के निस्तारण के लिए यह कार्रवाई उच्चतम न्यायालय के निर्देशों और डीजीपी उत्तर प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की जा रही है। इसके लिए गठित ड्रग डिस्पोजल कमेटी में पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित