भदोही , जुलाई 31 -- भदोही जिले के युवा हॉकी खिलाड़ी आशीष यादव का चयन उत्तर प्रदेश पुरुष हॉकी टीम में हुआ है। वह 28 जुलाई से 8 अगस्त तक तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

पंचमहला देवनाथपुर (लक्ष्मणपट्टी) गांव निवासी आशीष यादव के चयन की खबर से पूरे जिले में खुशी की लहर है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले आशीष ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर मेहनत के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। खेल जगत ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया है। खेल प्रेमियों का कहना है कि आशीष की यह सफलता जिले के अन्य युवाओं को भी हॉकी सहित अन्य खेलों के प्रति प्रेरित करेगी और खेलों के विकास को नई दिशा देगी।

आशीष का यूपी पुरुष हाकी टीम में चयनित होने की जानकारी होते ही उनके पैतृक घर पर बधाईयां देने वालों का तांता लग गया। जिला हॉकी संघ के संरक्षक शाह आलम, सचिव राजकमल, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश पाल, धर्मेंद्र कुमार, महेश यादव तथा जिला हॉकी कोच मुनव्वर हुसैन सहित अनेक खेल प्रेमियों ने आशीष यादव को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित