भरतपुर , जुलाई 17 -- राजस्थान में डीग जिले के पूंछरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद (सीएचसी) में तैनात एक सरकारी डॉक्टर के शैक्षणिक दस्तावेजों का दुरुपयोग करके उनके सगे चाचा द्वारा मध्यप्रदेश में चिकित्सा अधिकारी की नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है।

फर्जीवाड़े का पता उस समय चला जब मध्य प्रदेश में शहडोल में रीवा लोकायुक्त के दल ने डॉ. सतीश चंद्र शर्मा को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा। इसका पता चलने पर पूंछरी सीएचसी में तैनात डॉक्टर शर्मा ने मध्यप्रदेश में शहडोल पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भतीजे की डॉक्टर की डिग्री का इस्तेमाल करके मध्यप्रदेश के श्योपुर, खरगोन एवं शहडोल जिलों में चिकित्सा अधिकारी बनकर चिकित्सा सेवाएं देने वाले चाचा डॉ. शर्मा के फर्जीवाड़े की कलई पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार होने पर खुल गई। सोशल मीडिया पर इसका फोटो वायरल होने के बाद जब डॉक्टर भतीजे को इसकी भनक लगी तो उन्होंने शहडोल पहुंचकर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मध्यप्रदेश पुलिस के सूत्रों ने बताया कि फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने आरोपी की सेवाएं समाप्त कर दी हैं और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई एवं उसकी गिरफ्तारी की तैयारी में जुटी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित