बाल्टीमोर (अमेरिका)/हैदराबाद , अगस्त 03 -- तेलंगाना के उप-मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने प्रवासी भारतीयों से अपील की है कि वे अपनी मातृभूमि के विकास में योगदान दें। उन्होंने प्रवासियों से तेलंगाना में पूंजी लगाने और अपने पैतृक गांवों के विकास में मदद करके अपनी माटी का कर्ज चुकाने का आग्रह किया है।

श्री विक्रमार्क ने अमेरिका के बाल्टीमोर में आयोजित 19वें अमेरिकन तेलुगु एसोसिएशन (एटीए) सम्मेलन में कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में तेलंगाना सरकार का लक्ष्य 2047 तक राज्य को तीन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से निवेश करने की अपील की और भरोसा दिलाया कि सरकार सिंगल-विंडो प्रणाली के जरिए जल्दी मंजूरी और उद्योग व सामाजिक परियोजनाओं के लिए हर संभव सहयोग देगी।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना विश्व स्तरीय सुविधाएं विकसित कर रहा है। इनमें मूसी नदी पुनरुद्धार परियोजना, क्षेत्रीय रिंग रोड, छतीस रेडियल सड़क और प्रस्तावित भविष्य का शहर शामिल हैं। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में सुधारों के बारे में भी बताया, जिसके तहत 100 विधानसभा क्षेत्रों में दो-दो सौ करोड़ रुपये की लागत से आवासीय विद्यालय बनाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रवासियों से इस पहल में साझीदार बनने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित