भोपाल , जून 04 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में डायल-112 के जवानों ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए घर का रास्ता भटक गई तीन वर्षीय बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों से मिला दिया।
पुलिस मुख्यालय से जारी जानकारी के अनुसार 03 जून को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 को सूचना मिली कि अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में रूचि रेस्टोरेंट के पास एक छोटी बच्ची अकेली मिली है, जो अपने घर का रास्ता भटक गई है। सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
डायल-112 स्टाफ के प्रधान आरक्षक प्रदीप दुबे और पायलट केदार सिंह ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया। इसके बाद जवानों ने आसपास के क्षेत्र में पूछताछ और तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान सेमरा क्षेत्र में बच्ची के परिजनों की जानकारी प्राप्त हुई। डायल-112 टीम ने परिजनों से संपर्क कर आवश्यक पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की तथा बच्ची को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया।
अपनी बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों ने डायल-112 सेवा और पुलिस जवानों का आभार व्यक्त किया। पुलिस के अनुसार यह घटना डायल-112 सेवा की मानवीय संवेदनशीलता और आमजन की सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित