नयी दिल्ली , अप्रैल 23 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से गुरुवार को यहां ग्राम-2026 इन्वेस्टर मीट के तहत विभिन्न देशों के ट्रेड प्रतिनिधियों, विभिन्न उद्यमियों, स्टार्ट-अप्स ने मुलाकात की।
श्री शर्मा ने कनाडा, रूस, ऑस्ट्रेलिया, इटली, ब्राजील, वियतनाम और अर्जेन्टीना के दूतावासों के वाणिज्यिक एवं कृषि प्रतिनिधियों से राजस्थान में कृषि निवेश बढ़ाने पर विस्तृत बातचीत की। उन्होंने कहा कि किसान नवीन कृषि तकनीकों को अपनाकर तथा विभिन्न फूड प्रोसेसिंग गतिविधियों के विकास से सशक्त बनेंगे।
उन्होंने कहा कि इस इन्वेस्टर मीट से प्रदेश के किसानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का मौका मिलेगा। साथ ही, फसलों और एग्री प्रोडक्ट्स के निर्यात से किसानों की आय में वृद्धि भी होगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से एग्री स्टार्टअप्स को प्रगति के विभिन्न अवसर मिलेंगे। जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार का सृजन होगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने वन टू वन मुलाकात के दौरान रूस की ड्रोन तकनीक, कनाडा के खेतों में एग्री प्रोसेसिंग और पराली से संबंधित प्रक्रिया, ब्राजील की तरह सोयाबीन उत्पादन को बढ़ावा देने, मक्का से मेथेनॉल बनाने सहित अन्य कृषि एवं तकनीकी विषयों पर विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों से चर्चा की।
उन्होंने कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले देशों से संपर्क को बढ़ावा देने के लिए संबंधित अधिकारियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। जिससे इन देशों में किए जा रहे कृषि नवाचारों तथा उन्नत तकनीकों को प्रदेश के किसानों के हित में अपनाया जा सके।
उल्लेखनीय है कि 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट से भविष्य की खेती के लिए किसान, वैज्ञानिक, निवेशक और नीति निर्माता इस मंच के माध्यम से एक साथ काम कर सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित