जयपुर , फरवरी 26 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से कोटा जिले में रामगंजमंडी के धनिया व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को यहां मुलाकात की।

श्री शर्मा से इस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री कार्यालय में यह मुलाकात की और इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने राज्य में धनिया उत्पादक किसानों के हितों, विपणन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने एवं मंडी शुल्क से जुड़े विषयों पर सुझाव साझा किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि व्यापार को सुगम बनाने तथा कृषि मंडियों को अधिक सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के लिए संकल्पित है और हमारा लक्ष्य है कि किसानों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े व्यापारियों को अधिकतम सुविधाएं प्रदान करते हुए कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को प्रतिनिधिमण्डल के सुझावों का समुचित आकलन एवं परीक्षण के निर्देश दिए।

इस दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी मंजू राजपाल सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित