श्रीगंगानगर , सितम्बर 26 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश मंत्री विजेंद्र पूनिया ने शनिवार को बताया कि श्री शर्मा दोपहर बाद सूरतगढ़ पहुंचेंगे और श्रीगंगानगर एवं हनुमानगढ़ जिलों के भाजपा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करेंगे। बैठक सूरतगढ़ के एक मैरिज भवन में रविवार को अपराह्न चार बजे आयोजित की जायेगी।
उन्हाेंने बताया कि इसमें मंडल अध्यक्ष से ऊपर के पदाधिकारी और आमंत्रित सदस्य ही शामिल हो सकेंगे। बैठक में मीडिया का प्रवेश वर्जित रहेगा। श्री शर्मा बैठक से पहले या बाद में मीडिया कर्मियों से बातचीत कर सकते हैं।
श्री पूनिया ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को ध्यान में रखते हुए यह बैठक बुलायी गयी है। बैठक की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गयी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित