जयपुर , अगस्त 14 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का यह पर्व हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों और देशभक्त विभूतियों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। यह दिन हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। हमारा प्रदेश भी 'विकसित राजस्थान-समृद्ध राजस्थान' के लक्ष्य के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसी सोच के साथ युवाओं को रोजगार, किसानों की खुशहाली, महिलाओं का सम्मान एवं सशक्तीकरण, गरीब एवं वंचित वर्गों को बेहतर जीवन की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हम सभी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जल संरक्षण जैसे जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लें। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशवासियों की एकजुटता, परिश्रम और संकल्प शक्ति से राजस्थान विकास के नये आयाम स्थापित करेगा और 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित