जयपुर , फरवरी 18 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को यहां वायुसेना के अधिकारियों से जयपुर में पहली बार होने वाले सूर्यकिरण और सारंग एरोबेटिक शो के संबंध में जानकारी ली।
श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय में इन अधिकारियों से जानकारी ली और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि 20 एवं 22 फरवरी को जल महल की पाल पर प्रस्तावित एरोबेटिक शो में सूर्यकिरण डिसप्ले टीम के विमान और सारंग डिस्पले टीम के हेलिकॉप्टर्स हिस्सा लेंगे। इनके द्वारा ट्राई कलर स्मोक का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
इन रोमांचकारी हवाई प्रदर्शनों से आम जनता को रूबरू कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। लगभग 50 हजार दर्शक क्षमता के लिए जल महल की पाल पर व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, वायुसेना के स्टेशन कमांडर विनय भारद्वाज, विंग कमांडर अजय दशरथी और अभिजीत सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
वायुसेना के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को छायाचित्र भी भेंट किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित