जैसलमेर , सितम्बर 23 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को जैसलमेर के रामदेवरा में लोकदेवता बाबा रामदेव मंदिर में पावन समाधि के दर्शन किए एवं पूजा-अर्चना करप्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
श्री शर्मा ने मंदिर परिसर में ही डालीबाई की समाधि के दर्शन किये। इसके बाद उन्होंने जम्मा-जागरण स्थल पर बाबा रामदेव की रिक्खियों का श्रवण भी किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने निःशुल्क भोजनशाला में श्रद्धालुओं को प्रसादी परोसी।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने बस स्टैण्ड से पदयात्रा प्रारंभ की तथा मुख्य बाजार से होते हुए मंदिर तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाबा रामदेव की ध्वजा (नेजा) थामे पदयात्रा की। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, विधायक छोटू सिंह भाटी एवं महंत प्रताप पुरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी भक्तिभाव से उनके साथ पदयात्रा में शामिल हुए।
श्री शर्मा के रामदेवरा पहुंचने पर श्रद्धालुओं और आमजन ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी सभी का अभिनंदन स्वीकार किया। मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने रामदेवरा के मुख्य बाजार में जनप्रतिनिधियों के साथ चाय पी तथा आमजन से बातचीत भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित