जोधपुर , मार्च 26 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को जोधपुर में रामनवमी शोभायात्रा में शामिल हुए और उन्होंने भगवान श्रीराम दरबार की पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि रामनवमी शोभायात्रा आमजन को संस्कृति से जोड़ने के साथ भाईचारे का भाव पैदा करती है। इससे नयी पीढ़ी को भारतीय संस्कृति के मूल्यों का आभास होता है जिससे सनातन को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर का इंतजार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समाप्त किया। उनके नेतृत्व में देश में आस्था स्थलों के विकास को नई गति मिली है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन का महाकाल महालोक कॉरिडोर और सोमनाथ मंदिर में जीर्णोंद्धार के कार्य कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने हवाईअड्डे पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि नवरात्रि का सनातन संस्कृति में बड़ा आध्यात्मिक महत्व है। रामनवमी के पर्व पर आमजन को मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम के आदर्शों से प्रेरणा मिलती है। उन्होंने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, सांसद राजेन्द्र गहलोत, विधायक देवेन्द्र जोशी, बाबूसिंह राठौड़ एवं पब्बाराम विश्नोई, विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के केंद्रीय अधिकारी स्वप्न मुखर्जी, प्रांत अध्यक्ष डॉ. राम गोयल, समिति अध्यक्ष अर्जुन सिंह उचियारड़ा तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित