जयपुर , अक्टूबर 30 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली के अवसर पर प्रदेश के राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को बड़ी सौगात देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) एवं महंगाई राहत (डीआर) में तीन प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस वृद्धि के बाद डीए एवं डीआर 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जायेगा। इससे प्रदेश के सात लाख से अधिक कर्मचारी एवं पांच लाख से अधिक पेंशनर्स लाभान्वित होंगे।
इस निर्णय के तहत सातवें वेतनमान के तहत राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अथवा मंहगाई राहत का लाभ गत एक जुलाई से देय होगा। कर्मचारियों को आगामी दिसम्बर में देय नवम्बर के वेतन से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान किया जायेगा तथा गत एक जुलाई से 31 अक्टूबर तक चार महीनों की राशि संबंधित कर्मचारियों के सामान्य प्रावधायी निधि खाते में जमा की जायेगी। पेंशनरों को गत एक जुलाई से महंगाई राहत का नकद भुगतान किया जायेगा। इस निर्णय से राज्य सरकार पर 820 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आयेगा।
इसके साथ ही राज्य सरकार ने लगभग छह लाख पात्र कर्मचारियों को तदर्थ बोनस देने का निर्णय भी लिया है। इसके तहत राज्य सरकार पर 406 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आयेगा। इन निर्णयों से कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक संबल मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित