जयपुर , मई 15 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को यहां पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत की सोलहवीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्री शर्मा ने जयपुर में विद्याधर नगर स्थित श्री शेखावत की स्मृति स्थल पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि श्री शेखावत का राजस्थान के विकास में अहम योगदान रहा और उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भैरोंसिंह शेखावत को उनके कार्यों के लिए जनमानस आज भी याद करता है और उन्होंने राजस्थान में पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को साकार किया था, जिसे बाद में पूरे देश में भी अपनाया गया। उन्होंने कहा कि श्री शेखावत ने प्रदेश में किसान, मजदूर और युवाओं के हित में महत्वपूर्ण काम किए थे।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं आमजन ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सुबह मुख्यमंत्री निवास पर श्री शेखावत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित