खैरथल-तिजारा , फरवरी 08 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को खैरथल-तिजारा जिले में पूर्व मंत्री हेम सिंह भड़ाना को श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्री शर्मा ने जिले के बघेरी कलां गांव में श्री भड़ाना के निवास पहुंचकर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री भड़ाना का सार्वजनिक जीवन, जनसेवा के प्रति उनका समर्पण तथा समाज के लिये किया गया योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका निधन अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा, विधायक देवी सिंह शेखावत, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित