जयपुर , अगस्त 15 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।

इस अवसर पर श्री शर्मा ने उत्कृष्ट कार्यों एवं उपलब्धियों के लिए अधिकारियों, कार्मिकों और विभूतियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठा विश्व पटल पर नयी ऊंचाइयों को छू रही है। विकसित भारत-2047 के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए राजस्थान सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। इस अवसर पर स्कूली बच्चों और कलाकारों ने देशभक्ति की धुनों पर आकर्षक प्रस्तुति दीं।

इससे पहले श्री शर्मा ने स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में ध्वजारोहण किया।इस अवसर पर श्री शर्मा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान मुख्यमंत्री को दसवीं आरएसी बटालियन की टुकड़ी ने सलामी और पुलिस बैण्ड ने बैण्डवादन की प्रस्तुति दी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये।

इस अवसर पर केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल, विधायक डॉ विश्वनाथ मेघवाल तथा अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं आमजन मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित