जयपुर , मई 27 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से वर्तमान में नौतपा के कारण भीषण गर्मी और लू के दौर में अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने एवं प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने की अपील की हैं।

श्री शर्मा ने बुधवार को सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि राजस्थान में वर्तमान में नौतपा के कारण झुलसती गर्मी का दौर जारी है। बढ़ते तापमान एवं लू के प्रभाव को देखते हुए सभी से आग्रह है कि अपने स्वास्थ्य एवं परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

उन्होंने कहा कि पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थ का सेवन करें, बच्चों, बुजुर्गों एवं अस्वस्थ व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें तथा अत्यधिक धूप में बाहर निकलने से बचें। साथ ही, प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति सेवा, संवेदनशीलता एवं परोपकार की भावना से ओत-प्रोत रही है। इस कठिन समय में जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आकर सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ, छांव एवं शीतल जल की व्यवस्था करने में अपनी सहभागिता निभानी चाहिए। साथ ही पशु-पक्षियों के लिए पानी एवं दाने की व्यवस्था कर जीव मात्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी एवं करुणा का परिचय दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित