जयपुर , मार्च 02 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्त्ताओं के साथ फूलों की होली खेली और सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल होली का संदेश दिया।
श्री शर्मा ने भांकरोटा स्थित संगम पैराडाइज में आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वहां महिलाओं, बच्चों और युवाओं से मुलाकात करते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने रसिया गीतों एवं नृत्य की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने कलाकारों पर फूल बरसाएं और नंगाड़ा बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में हर त्योहार का विशेष महत्व है। होली का पर्व उल्लास और उमंग का उत्सव है, जो हम सभी के जीवन में नए रंग घोलता है। यह त्योहार हम सभी को एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए कामना की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 फरवरी को अजमेर से राजस्थान को बड़ी सौगाते दी। प्रधानमंत्री ने अजमेर से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए देशव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरूआत भी की। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार जताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित