सीकर , अक्टूबर 25 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में चल रहे पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं को गांव-गांव तक विकास का संदेश पहुंचाने का मंत्र दिया है।
श्री शर्मा रविवार को सीकर जिले में खाटूश्यामजी में पार्टी पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के दौरान यह मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बार-बार साबित किया है कि भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय होने वाली पार्टी नहीं है, यह जनता के सुख और दुख में तथा साल के 365 दिन उनके बीच रहने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं की पार्टी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सदैव कहते हैं कि उनका लक्ष्य केवल सरकार बनाना नहीं है, बल्कि मां भारतीको समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। इसी महान विजन और सेवा-संकल्प के साथ हमारी डबल इंजन सरकार राजस्थान में काम कर रही है।
श्री शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा के साथ जुटकर पंचायत चुनावों में गांवों की जनता का भरोसा जीतना है। इसके लिए वे हर गांव, हर ढाणी तक जाएं और जनता-जनार्दन से सीधा संवाद स्थापित करें। ग्रामीणों की आकांक्षाओं को समझें और अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के लिए पंचायत चुनाव में ग्राम विकास संकल्प पत्र भी जारी किया गया है, जिसमें सभी वर्गों के विकास का पूर्ण ध्यान रखा गया है।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने आते ही शेखावाटी के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया था। जो काम दशकों से अटके और लटके पड़े थे, हमने उन्हें हाथ में लिया और आज उन्हें धरातल पर लाकर दिखा रहे हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश में 10 बड़े पानी के समझौते हुए, जिनमें से चार का सीधा फायदा राजस्थान को मिलेगा। उन्होंने कहा कि राम जल सेतु लिंक समझौता किया और शेखावाटी के लिए 30 साल से रुके हुए यमुना और किशाऊ जल समझौते भी किए। यमुना का पानी 295 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन से शेखावाटी तक आएगा। किशाऊ समझौते से शेखावाटी को साल भर पानी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता अपनी ऊर्जा, संगठन-निष्ठा और अनुशासन से गांवों में विकास का संदेश पहुंचाएं और इन पंचायत चुनावों में हर बूथ पर कमल खिलाएं। उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों में भाजपा ने प्रदेश में कुल 204 निकायों में अपना बोर्ड बनाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। यह जनादेश डबल इंजन सरकार के कामों के प्रति जनता के समर्थन को दिखाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित