, Oct. 26 -- श्री शर्मा ने महिला सशक्तीकरण के लिए 25 लाख ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी श्रेणी में लाने का लक्ष्य है। लखपति दीदियों को 1.5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर डेढ़ लाख रुपये तक ऋण, स्वयं सहायता समूहों को एक हजार करोड़ रुपये की सहायता और 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बैंक क्रेडिट लिंकेज उपलब्ध कराने का संकल्प है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती एवं धात्री माताओं की सहायता राशि पांच हजार से बढ़ाकर आठ हजार रुपये तथा पात्र विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं की पेंशन 1,500 रुपये प्रतिमाह करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। संकल्प पत्र में 15 हजार नए स्कूल भवन, 35 हजार अतिरिक्त कक्षा-कक्ष और 20 हजार शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को 1,200 रुपये वार्षिक सहायता दी जाएगी। बड़े उद्योगों के माध्यम से 20 से 25 लाख रोजगार अवसर सृजित करने तथा युवाओं को 10 लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध कराने का संकल्प भी शामिल है।

श्री शर्मा ने कहा कि बांसवाड़ा में पिछले पौने तीन वर्षों में 4,272 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। बांसवाड़ा सहित 11 शहरों में 275 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल आपूर्ति के कार्य हो रहे हैं। अजमेर-बांसवाड़ा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की डीपीआर तैयार की जा रही है। बिलोदा में माही नदी पर 60 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण की निविदा आमंत्रित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ में 1,257 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। पीएम आवास योजना-ग्रामीण के तहत 12,382 आवास पूर्ण हो चुके हैं और 13 हजार 363 आवास निर्माणाधीन हैं। सलूंबर में चार हजार 155 करोड़ रुपये के विकास कार्य हो रहे हैं। सेमारी एवं सराड़ा को सलूंबर से जोड़ने वाली 40 किलोमीटर सड़क पूरी हो चुकी है। जिला अस्पताल भवन का निर्माण जारी है तथा दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में क्रमोन्नत किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित जनजाति बहुल आठ जिलों के 47 ब्लॉकों में जॉब कार्डधारी परिवारों को राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त 50 दिवस का रोजगार दिया जा रहा है। पीएम-जनमन के तहत बारां में 15 से ज्यादा आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में 767 करोड़ से अधिक रुपये खर्च कर 4.36 लाख विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया है। आठ जिलों में 530 वनधन विकास केंद्रों से 1.53 लाख महिला सदस्य लाभान्वित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि गांवों के स्वतंत्रता सेनानियों, लोक परंपराओं और गौरवशाली इतिहास के संरक्षण के लिए डिजिटल आर्काइव तैयार किए जाएंगे तथा ग्रामीण प्रतिभाओं के सम्मान के लिए ग्राम गौरव अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने, ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में भूमिका निभाने और पूरी निष्ठा एवं अनुशासन के साथ चुनावों में हर गांव और हर बूथ पर कमल खिलाने के लक्ष्य के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित