जयपुर , जुलाई 02 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को ब्यावर जिले के देवमाली गांव में भगवान देवनारायण मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्री शर्मा ने किसान रामलाल गुर्जर के घर पहुंचे तथा परिजनों से मुलाकात कर उनके साथ चाय पी। इस दौरान उन्होंने देवमाली ग्राम पंचायत प्रशासक समिति के सदस्यों से भी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने गांव के स्कूली बच्चों और उनके परिजनों से शिक्षा के बारे में जानकारी ली तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उपलब्धता के लिए जिला कलक्टर को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने बालिका शिक्षा पर जोर देकर कहा कि ड्रॉप आउट जैसी स्थिति उत्पन्न ना हो तथा नामांकन को बढ़ावा दिया जाये।
उन्होंने जिला प्रशासन को गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के तत्काल समाधान के निर्देश दिये। साथ ही, मंदिर तक रोपवे निर्माण की संभावनाओं को तलाशने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास भी और विरासत भी के विजन के अनुरूप देवमाली गांव में विकास कार्य करवाए जायें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव के मूल स्वरूप, सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत तथा प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखते हुए सभी आवश्यक कार्यों को गति दी जाये। उन्होंने कहा कि देवमाली गांव की विशिष्ट पहचान और परंपराओं का संरक्षण करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की आवश्यकताओं की समय-समय पर जानकारी लेकर त्वरित एवं प्रभावी पूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित