जयपुर , मार्च 17 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नयी दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों तथा संगठन के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर राजस्थान के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न प्राथमिकताओं पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास संबंधी विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से राजस्थान को विकास की नयी ऊंचाइयों पर पंहुचने के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह का मार्गदर्शन सदैव प्रेरणादायी रहता है।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, चिकित्सा के आधारभूत ढांचे के विस्तार तथा आयुष्मान भारत के प्रभावी क्रियान्वयन पर सकारात्मक चर्चा की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

श्री शर्मा ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से शिष्टाचार भेंट कर राजस्थान के समावेशी विकास, आर्थिक प्रगति तथा आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के विषयों पर चर्चा की। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग 'विकसित राजस्थान' के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इसी तरह मुख्यमंत्री ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिवस की बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर 'राम जल सेतु लिंक परियोजना' की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई एवं जल जीवन मिशन के एक्सटेंशन के एमओयू पर हस्ताक्षर किये। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार का संकल्प है कि राजस्थान के अंतिम छोर तक प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पेयजल की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित की जाये।

श्री शर्मा ने केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी से भेंट कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सुदृढ़ीकरण, उपभोक्ता हितों की सुरक्षा तथा अक्षय ऊर्जा के विस्तार पर विचार-विमर्श किया।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, अंतरराष्ट्रीय भाषाओं के शिक्षण तथा युवाओं के लिए रोजगारपरक शिक्षा के अवसर बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि 'शिक्षित प्रदेश, उन्नत प्रदेश' के लक्ष्य के साथ राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

नयी दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष से भी मुलाकात की। इस अवसर पर संगठन के सशक्तीकरण एवं कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन का मार्गदर्शन सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

श्री शर्मा ने अपनी दिल्ली यात्रा के बाद कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय और 'डबल इंजन सरकार' की प्रतिबद्धता के साथ राजस्थान में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा और आमजन को इसका व्यापक लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित